उपमुख्यमंत्री ने ऊना में की जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।लोगों से जुड़े मामलों के निवारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें।वे जिला परिषद सभागार,ऊना में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े जनहित के मुद्दों,विकास कार्यों,नागरिक सुविधाओं तथा जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।उपमुख्यमंत्री ने समिति सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मामलों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पटवारखानों और नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के मामलों की विशेष समीक्षा:उपमुख्यमंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि जिले में पटवारखानों तथा नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा के लिए बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।उन्होंने जिले में पटवारखानों से संबंधित मामलों को लेकर एक समेकित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए,जिसमें उन स्थानों का पूरा विवरण शामिल हो जहां पटवारखानों के भवनों का निर्माण किया जाना है तथा जहां नए पटवारखाने खोलने के प्रस्ताव हैं।उन्होंने नवगठित पंचायतों के पंचायत घरों के निर्माण से संबंधित भूमि मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर देखने के निर्देश दिए।जहां भूमि उपलब्धता,हस्तांतरण अथवा अन्य प्रशासनिक पेचीदगी है,वहां संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।पंचायतों में प्रधान की भूमिका पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निर्वाचित प्रधान की भूमिका और अधिकारों का सम्मान किया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि किसी भी निर्वाचित प्रधान के अधिकारों पर किसी अन्य व्यक्ति का हस्तक्षेप उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि यदि किसी पंचायत में महिला प्रधान निर्वाचित हैं तो किसी अन्य व्यक्ति द्वारा स्वयं को प्रधान समझकर पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है। प्रधान चाहे महिला हो या पुरुष,वह निर्वाचित प्रतिनिधि है और पंचायत की व्यवस्था में उसकी भूमिका एवं अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

आवश्यकता और फिजिबिलिटी के आधार पर नए बस रूटों पर होगा विचार:बस रूटों से संबंधित विभिन्न मांगों पर चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहां वास्तविक आवश्यकता होगी,वहां बस सेवा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार तैयार है।उन्होंने कहा कि नए रूट के लिए फिजिबिलिटी तथा पर्याप्त सवारियों की उपलब्धता को भी ध्यान में रखना जरूरी है,ताकि बस सेवा व्यवहारिक एवं टिकाऊ रहे।उन्होंने एम्स बिलासपुर और श्री चिंतपूर्णी के लिए शुरू की गई बस सेवा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की।उन्होंने नए बस रूटों के संबंध में प्राप्त सुझावों का विभागीय स्तर पर परीक्षण कर आवश्यकता एवं व्यवहारिकता के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।रामपुर-संतोषगढ़ पुल के निर्माण से जुड़े मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।उन्होंने कहा कि संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

बाबा बाल जी महाराज आश्रम मार्ग पर लाइटिंग के निर्देश:उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम ऊना के अधिकारियों को ऊना-हमीरपुर मार्ग पर बाबा बाल जी महाराज आश्रम के गेट तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी से पहले स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।लता मंगेशकर कला केंद्र के रखरखाव एवं संचालन से जुड़े विषय पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र को आत्मनिर्भर संचालन मॉडल पर चलाने की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।उन्होंने वर्षभर बुकिंग सुनिश्चित करने तथा संचालन किसी उपयुक्त संस्था अथवा एजेंसी को सौंपने सहित विभिन्न विकल्पों पर विचार करने की बात कही,ताकि केंद्र का बेहतर रखरखाव हो और इसका संचालन टिकाऊ तरीके से किया जा सके।बैठक में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने ऊना अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा अस्पताल परिसर की बाउंड्री वॉल से संबंधित मुद्दे उठाए।उन्होंने चिकित्सकों के अवकाश पर जाने के दौरान मरीजों की देखभाल से जुड़े विषय पर भी ध्यान आकर्षित किया।उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी चिकित्सक के अवकाश पर होने की स्थिति में मरीजों की देखभाल एवं उपचार व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए।उन्होंने अस्पताल में निर्माणाधीन नए भवनों तथा उपलब्ध सुविधाओं के मद्देनजर मरीजों के लिए पर्याप्त बिस्तरों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए जिला प्रशासन की जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निवारण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने बैठक की कार्यवाही का संचालन करते हुए विभिन्न जनसमस्याएं समिति के समक्ष रखीं।बैठक में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा सहित समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा,जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम,हिमाचल युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री,राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर,ब्लॉक कांग्रेस हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।वहीं,पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ,नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह,सहायक आयुक्त विनय मोदी,सभी एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
