
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अयोध्या के राम मंदिर दान चोरी के मामले जांच में लीपापोती कर रही है।एसआईटी जांच में किसी एक व्यक्ति को मोहरा बना कर इस लूट में शामिल बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।कुलदीप राठौर शिमला स्थित पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि यह मामला किसी भी राजनीतिक दल का नही है,यह देश के करोड़ो लोगों की आस्था की लूट का मामला है और इसकी पूरी जांच उच्चतम न्यायालय के किसी भी न्यायाधीश से करवाई जानी चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर निर्माण से लेकर इसके राजनीतिक लाभ के लिए इसके लोकार्पण तक लोगों की धार्मिक भावना से खिलवाड़ किया।उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जल्दबाजी में इसकी आधारशिला रखी,देश में चुनावों का लाभ लेने के लिए इसे आनन-फानन में देश को समर्पित किया।कुलदीप राठौर ने कहा कि अति सुरक्षा वाले क्षेत्र में जहां भारी सुरक्षा,परिंदा भी पर नही मार सकता,वहां से हजारों करोड़ की चोरी कैसे हो गई,यह अपने आप में बहुत बड़ा प्रश्न है।उन्होंने आरोप लगाया कि आज भाजपा इस पूरी लूट को लेकर खामोश बैठी है और मंदिर ट्रस्ट के मुखिया चंपत राय पर कोई भी कार्रेवाई नहीं हुई।राठौर ने कहा कि भगवान श्रीराम सबकुछ देख रहे हैं।इस मौके पर कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा,हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा,शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल व कांग्रेस सचिव प्रदीप सूर्या भी मौजूद थे।
