शिमला के रिज मैदान पर शनिवार को कुछ पर्यटक खुलेआम हुक्का पीते नजर आए।उस वक्त रिज पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद थे।बताया जा रहा है कि हरियाणा से आए चार पर्यटक चिनार के पेड़ की छांव में बैठकर हुक्का पी रहे थे।वहां से गुजर रहे लोग उन्हें देखते रहे और कई लोगों ने इस पर नाराजगी भी जताई।गौर हो कि इन दिनों मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि हुक्का पीने वाले पर्यटक भी हरियाणा से घूमने के लिए शिमला पहुंचे थे।इस दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया,जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।कुछ देर बाद पुलिस के चार जवान मौके पर पहुंचे और पर्यटकों को सार्वजनिक स्थल पर हुक्का पीने से रोक दिया।पुलिस ने उन्हें तुरंत वहां से हटाया और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से जुड़े नियमों की जानकारी दी।इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी पर्यटकों की इस हरकत पर आपत्ति जताई।दरअसल, हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान और नशीले पदार्थों के सेवन पर प्रतिबंध है।पुलिस और प्रशासन समय-समय पर पर्यटकों से कानून का पालन करने और पर्यटन स्थलों की गरिमा बनाए रखने की अपील करते रहते हैं।नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है।पुलिस ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।साथ ही पर्यटकों से अपील की गई है कि वे पर्यटन स्थलों की मर्यादा बनाए रखें और कानून का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *