5 पंचायतों के 5000 लोगों को मिलेगी बेहतर पेयजल सुविधा:अग्निहोत्री।

ऊना:उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के अंतर्गत जल शक्ति विभाग द्वारा निर्मित लगभग 12 करोड़ रुपये लागत की दो महत्वपूर्ण उठाऊ पेयजल योजनाओं का विधिवत लोकार्पण किया।इनमें उठाऊ पेयजल योजना कोहाड़छन्न तथा उठाऊ पेयजल योजना अरनवाल गुरेट शामिल हैं।इन योजनाओं से चौआर,भगड़ाह,लोहारा अप्पर,अंब टीला तथा चौआर पंचायतों की करीब 5000 आबादी को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।इसी दिशा में जल शक्ति विभाग के माध्यम से हर घर जल योजना को सशक्त किया जा रहा है तथा किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रयास तेज किए गए हैं।

श्री चिंतपूर्णी में जल शक्ति विभाग के चल रहे 120 करोड़ के विकास कार्य:उन्होंने बताया कि श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 120 करोड़ रुपये की पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है,जिनमें से करीब 70 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।शेष कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में बेहड़ जस्वां में 4.15 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना तैयार कर जनता को समर्पित की गई है,जिससे बेहड़ जस्वां और त्याई पंचायतों के सात गांवों को लाभ मिला है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊना जिला में लगभग 1000 करोड़ रुपये की पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाएं प्रगति पर हैं।इनमें करीब 550 करोड़ रुपये पेयजल योजनाओं तथा 350 करोड़ रुपये सिंचाई कार्यों पर खर्च किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर परिसर के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण पर पहले चरण में 225 करोड़ रुपये व्यय किए जाएँगे।इसके अतिरिक्त माता का बाग पर 4 करोड़,मिनी सचिवालय अंब पर 5 करोड़ तथा सिविल अस्पताल अंब में नए ओपीडी ब्लॉक पर 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।श्री अग्निहोत्री ने कहा कि अंब क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अंब में अत्याधुनिक बस अड्डे का निर्माण किया जाएगा।साथ ही जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह भी बनाया जाएगा।

नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी,दोषियों पर सरकार का निर्णायक प्रहार:उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टे और अन्य नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पूरी सख्ती और दृढ़ता के साथ कार्रवाई कर रही है।उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार ने निर्णायक कदम उठाए हैं और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रदेश में चिट्टे के कारोबार में शामिल लोगों की अब तक करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।यह कार्रवाई सरकार की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट प्रमाण है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के मामलों में संलिप्त पाए गए 50 अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें नौकरी से निलंबित किया गया है।सरकार का स्पष्ट संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।उन्होंने कहा कि भविष्य में नशे और चिट्टे के मामलों में शामिल पाए जाने वाले लोग पंचायत चुनाव भी नहीं लड़ सकेंगे।इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रावधानों और सख्त नीतियों पर कार्य किया जा रहा है,ताकि स्वच्छ और जिम्मेदार नेतृत्व को बढ़ावा मिल सके।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में जागरूकता,कानून व्यवस्था तथा सख्त कार्रवाई तीनों मोर्चों पर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने माता श्री चन्नी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

श्री चिंतपूर्णी विस में समग्र विकास को मिल रही गति – सुदर्शन बबलू:इस अवसर पर विधायक सुदर्शन सिंह (बबलू) ने कहा कि श्री चिंतपूर्णी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी तथा प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से अनेक योजनाओं का निर्माण और उन्नयन कार्य जारी है।उन्होंने बताया कि ऊना जिला में जल शक्ति विभाग के माध्यम से एशियाई विकास बैंक के अंतर्गत 155 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं,जिनमें से 20 करोड़ रुपये श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में खर्च किए जा रहे हैं।इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का क्षेत्रीय विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर हिमकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा,हिमफेड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.रविंद्र शर्मा,युवा कांग्रेस महासचिव राघव ठाकुर,एसडीएम अंब पारस अग्रवाल,प्रमुख अभियंता पीएमयू मंडी धर्मेंद्र गिल,मुख्य अभियंता हेमंत तनवर, अधीक्षण अभियंता ऊना नरेश धीमान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *