स्टेट ऑफ आर्ट कैंसर अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज का होगा निर्माण।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और प्रस्तावित अत्याधुनिक कैंसर केयर सेंटर की साइट भी देखी।उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में स्टेट ऑफ आर्ट कैंसर अस्पताल के साथ-साथ नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज का निर्माण भी किया जाएगा।इस परियोजना पर लगभग एक हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण से लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ अन्य अस्पतालों में भी स्वास्थ्य प्रणाली को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने कहा कि एम्स दिल्ली की तर्ज पर राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में पुरानी मशीनरी और उपकरणों को बदलकर विश्वस्तरीय मशीनरी और सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों के बाद हिमाचल प्रदेश में सबसे अधिक कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं तथा हमीरपुर में कैंसर अस्पताल की स्थापना से प्रदेश के लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण कैंसर देखभाल सुनिश्चित होंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर कैंसर अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए 11 नए विशेषज्ञ विभाग स्थापित किए जा रहे हैं,जिन्हें हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।कैंसर केयर सेंटर में मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी,पेन पैलिएशन,न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थीसियोलॉजी और क्रिटिकल केयर,पैथोलॉजी,पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी,रेडियोलॉजी इमेजिंग,गायनी ऑन्कोलॉजी,स्टेम सेल और बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग स्थापित किए जाएंगे और ये विभाग कैंसर रोगियों को प्रदेश के भीतर ही विशेष सुविधाएं प्रदान करेंगे,जिससे उनके समय एवं धन की बचत होगी।उन्होंने कहा कि राज्य में कैंसर के बढ़ते मामलों के दृष्टिगत प्रणालीगत स्क्रीनिंग,रोकथाम,निगरानी, रिकॉर्डिंग और समय पर जांच की तत्काल आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि इसी के दृष्टिगत राज्य सरकार ने डॉ.राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर में राज्य कैंसर सेंटर स्थापित करने को स्वीकृति प्रदान की गई है।ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता संभालते ही राज्य में स्वास्थ्य प्रणाली के कायाकल्प के लिए अनेक महत्त्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसके परिणामस्वरूप लोगों को प्रदेश के भीतर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।इस अवसर पर विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह,पूर्व विधायक अनीता वर्मा,कांगड़ा प्राथमिक सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के चेयरमैन रामचंद्र पठानिया,हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया,एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा,जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती,कांग्रेस नेता डॉ.पुष्पिंदर वर्मा,सुभाष ढटवालिया, रूबल ठाकुर,सचिव एम.सुधा देवी और आशीष सिंघमार, उपायुक्त गंधर्व राठौर,पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *