
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार किया।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विपक्ष में होने के कारण हताशा में है और केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए जा रहे सकारात्मक सुधारों को लेकर देश और प्रदेश की जनता को लगातार गुमराह कर रही है।हिमाचल में भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने राष्ट्रीय नेताओं के दबाब में आकर जनता के सामने झूठ परोस रहे हैं,जिसका पर्दाफाश करने के लिए भाजपा जनजागरण अभियान प्रदेशभर में चलाएगी।जयराम ने स्पष्ट किया कि नया मिशन वीबीजीरामजी मनरेगा का एक कहीं अधिक उन्नत और प्रभावी रूप है।उन्होंने मुख्य अंतरों को स्पष्ट करते हुए कहा कि जहाँ मनरेगा में केवल 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी,वहीं नई योजना के तहत इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है।मनरेगा केवल ग्रामीण रोजगार तक सीमित था,जबकि नया मिशन रोजगार के साथ-साथ आजीविका विकास पर केंद्रित है।नए प्रावधानों के तहत अब भुगतान साप्ताहिक आधार पर 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

जयराम ठाकुर ने कहा है कि जिस प्रकार की घटनाएं पहाड़ी प्रदेश में घट रही हैं,वे बेहद चिंताजनक हैं।आज से पहले हिमाचल में विस्फोट होने जैसी घटनाएं कभी नहीं हुई हैं।गत वर्ष शिमला में विस्फोट हुआ और अब नए वर्ष में पुलिस थाने के बाहर नालागढ़ में हुआ।उन्होंने धर्मशाला में कालेज छात्रा की मौत मामले में भी उच्च स्तरीय और सही जांच करवाने की सलाह प्रदेश सरकार को दी है।जयराम ठाकुर ने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए।इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा,राकेश जम्वाल,इंद्र सिंह गांधी,प्रवक्ता अजय राणा,पंकज जंबाल,निहाल चंद शर्मा भी उपस्थित रहे।
