
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने शुक्रवार को मुख्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के संग बैठक कर आपदा राहत व पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने कहा कि राहत एवं पुनर्वास प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।जयराम ठाकुर ने प्रशासन को निर्देश दिए कि राहत वितरण में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और प्रभावित लोगों को अस्थायी आवास,भोजन,चिकित्सा तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध करवाई जाएं।उन्होंने पुनर्वास के स्थायी समाधान की दिशा में भी योजनाबद्ध ढंग से कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया।हमारा संकल्प है कि इस कठिन समय में हर प्रभावित परिवार तक समय पर सहायता और आवश्यक सुविधाएं पहुंचें।सरकार व प्रशासन हर स्तर पर सक्रिय रहे तथा स्थानीय जनता को यह भरोसा दिलाया जाए कि वे अकेले नहीं हैं।उन्होंने अधिकारियों से आपदा के बाद पुनर्निर्माण की चुनौतियों और आवश्यकताओं पर भी सुझाव मांगे।साथ ही बचाव दलों व स्वयंसेवकों के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घडी में सभी विभाग आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करें।बैठक में उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल,एसपी अभिषेक यादव व एडीएम अमित मेहरा आदि मौजूद रहे।

भरमौर:नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भरमौर हलके के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।उन्होंने भरमौर के हड़सर और गैर जनजातीय क्षेत्र लिल्ह में बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के साथ ही प्रभावित परिवारों से मुलाकात भी की।इस दौरान जयराम ठाकुर ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं।उन्होंने लोगों को हरसंभव सहायता व सहयोग का आश्वासन दिया।जयराम ठाकुर ने सरकार से आग्रह किया है कि राहत व पुनर्वास कार्य को और तेजी से आगे बढाया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।उन्होंने आपदा प्रभावितों से कहा कि वे लोग भी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नजर रखें और किसी भी प्रकार का भेदभाव हो तो हमें सूचित करें।प्रभावितों को राहत पहुंचाने में लापरवाही और भेदभाव भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी।
