
निरमंड उपमंडल की ग्राम पंचायत घाटू के शमारनी गांव में मलबे का शिकार बने एक ही परिवार के पांच लोगों का बुधवार को शमरानी खड्ड के किनारे अंतिम संस्कार किया गया।मृतकों में दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे भी शामिल थे।इससे पूर्व पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ शवयात्रा निकाली गई।इस दु:ख की घड़ी में पूर्व एपीएमसी कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति के पूर्व अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा भी शामिल हुए।उन्होंने इस अवसर पर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों को ढांढस बंधवाया।इस दौरान मिश्रा ने कहा कि यह हादसा निरमंड क्षेत्र के लिए एक असहनीय क्षति है।इस आपदा ने हमें ऐसे जख्म दिए हैं,जिन्हें कभी भी भर पाना संभव नहीं है।उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन देते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में कांग्रेस सरकार पीडि़तों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी इस दुखद घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है और पीडि़त परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।पहाड़ से गिरे मलबे से तीन लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।ग्राम पंचायत घाटू के प्रधान भोगा राम ने तमाम पीडि़त परिवारों को पंचायत घर घाटू में शरण दी है।

