कहा – सरकार का अब तक का कार्यकाल हिमाचल के लिए गंभीर निराशा और दिशाहीनता वाला रहा 

मंडी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार के अढ़ाई वर्ष‌ के कार्यकाल को निराशाजनक और आम जन को पीड़ा देने वाला करार दिया है‌। उन्होंने कहा कि  मुख्यमंत्री जिस ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की बात कर रहे हैं, वह वास्तव में प्रशासनिक ठहराव, विकास की रफ्तार में अवरोध और जनता से संवादहीनता का पर्याय बन चुका है। इस सरकार के कार्यकाल में जनता को कोई राहत नहीं मिली, बल्कि उलटे पीड़ा सहनी पड़ी है। 

जम्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा अपनी सरकार के अढ़ाई साल पूरे होने पर दिया गया वक्तव्य न केवल तथ्यों से परे है, बल्कि आमजन की पीड़ा और निराशा का उपहास है। उन्होंने कहा कि बीते अढ़ाई वर्षों में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को केवल भ्रम, बदइंतज़ामी और झूठे वादों का ही स्वाद चखाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का जब तक का कार्यकाल आर्थिक कुप्रबंधन की पराकाष्ठा वाला रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य पर कर्ज़ का बोझ दिन-ब-दिन बढ़ता गया, लेकिन कोई दीर्घकालिक वित्तीय नीति नहीं बनी। कर्मचारियों का वेतन तक समय पर देने में असमर्थ सरकार, आर्थिक आत्मनिर्भरता की बात कैसे कर सकती है? ओपीएस के नाम पर चुनाव जीता, लेकिन आज तक उसके क्रियान्वयन को लेकर कोई स्पष्ट वित्तीय खाका नहीं है।

जम्वाल ने कहा कि बेरोजगारी खत्म करने के नाम पर युवाओं से धोखा हुआ है। युवाओं को ना नौकरी मिल रही है और न ही कोई अन्य‌ रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा आज मात्र केंद्र सरकार से टकराव की राजनीति प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही है। मोदी सरकार द्वारा प्रदेश हित में दी गई योजनाओं और पैकेजों को भी लागू करने में कोताही बरती गई। वहीं, राजनीतिक द्वेष के चलते प्रदेश का नुकसान हुआ।

राकेश जम्वाल ने कहा कि प्रदेश में विकास की गति थमी है। मंत्री केवल फेसबुक पर ही विकास कर रहे हैं और धरातल में कुछ भी दिखाने को सरकार के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन ऐसे कार्य के हो रहे हैं जो भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने जनता पर लगातार टैक्स थोपे। जल कर, भवन कर, सफाई शुल्क जैसे निर्णयों से आम आदमी त्रस्त है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं है।

राकेश जम्वाल ने मुख्यमंत्री सुक्खू पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि उन्होंने “हर मुश्किल को अवसर में बदला”, पर जनता जानती है कि इन अढ़ाई सालों में हिमाचल ने अवसर नहीं, सिर्फ़ समस्याएं देखीं और संघर्ष झेला। उन्होंने कहा कि यह तो स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता अब भ्रमित नहीं है। उसे सच्चाई समझ आ चुकी है और यही सच्चाई इस सरकार को अगले चुनाव में पूरी तरह नकार देगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *