नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा नेशनल हेराल्ड में हुई धांधलेबाजी को भ्रष्टाचार न बताना अत्यंत शर्मनाक है।कांग्रेस नेताओं द्वारा देश भर में घूम-घूम कर उनका बचाव करना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है कि यह लोग देश की संपत्ति को गांधी परिवार की संपत्ति समझते हैं।देश की संपत्ति के साथ भ्रष्टाचार करना कांग्रेस अपना अधिकार समझती है,लेकिन अब वह दौर बीत गया है।नेशनल हेराल्ड के खिलाफ चल रही प्रवर्तन निदेशालय ईडी की कार्रवाई कोर्ट के निर्देश पर हो रही है।घोटालेबाजों को कानून के दायरे में लाना देश की जांच एजेंसियों का दायित्व है।जयराम ठाकुर ने कहा कि सारा काम छोडक़र कांग्रेस के नेताओं ने पहले ईडी कार्यालय का पूरे देश में घेराव कर दबाव में लेने की कोशिश की,लेकिन जब उन्हें कोई लाभ नहीं हुआ,तो अब कांग्रेस के नेता पूरे देश में घूम-घूम कर नेशनल हेराल्ड मामले में हुए भ्रष्टाचार का समर्थन कर रहे हैं।जब तक सत्ता में रहे,तब तक कांग्रेस की सरकार ने लाखों-करोड़ों के घोटाले किए।एक कंपनी,जिसमें 5000 शेयर धारक हों और जिसके पास 2000 करोड़ की अचल संपत्ति हो,उस कंपनी को 90 करोड़ का लोन राजनीतिक पार्टी द्वारा देना और एक नई कंपनी बनाकर 2000 करोड़ की संपत्ति 50 लाख में खरीद लेना तथा राजनीतिक पार्टी द्वारा लोन माफ कर देना,क्या भ्रष्टाचार नहीं है।क्या कांग्रेस के नेता इस प्रकार के गैरकानूनी कार्यों को उचित मानते हैं,क्या हजारों शेयर धारकों की सहमति के बिना किसी कंपनी के सारे शेयर एक व्यक्ति को दे देना सही है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की भ्रष्टाचार की परिभाषा भले अलग होगी,लेकिन अब देश में कानून द्वारा निर्धारित किए गए कृत्य को भ्रष्टाचार माना जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश के विकास की चर्चा हो रही है।नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश में आम जनों को मिल रही सुविधाओं का रिकॉर्ड बन रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *