
राज्य में आज और आगामी मंगलवार को पांच जिलों लाहौल-स्पीति,कुल्लू,किन्नौर,चम्बा व कांगड़ा में एक से दो स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। शेष स्थानों पर इस सप्ताह मौसम आमतौर पर शुष्क व साफ बना रहेगा,आठ अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है,जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि हो सकती है,लेकिन उसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा,हालांकि आगामी 3-4 दिनों के दौरान निचले पहाड़ी/मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक इजाफा होने का अनुमान है।राज्य में धूप खिलने के बावजूद अधिकतम तापमान में कोई खास उछाल नहीं आ रहा है।बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री रहा,जिसमें 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।शिमला में भी 0.2 डिग्री तापमान में कटौती होने के साथ यहां 22.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा है।न्यूनतम तापमान केलांग में 0.5 डिग्री रहा,जबकि कुकुमसेरी में 2.8 और कल्पा में 4 डिग्री रहा,राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 11.8,ऊना में 7.9,पालमपुर में 9.5 और सोलन में 7.5 डिग्री रिकार्ड किया गया है।
