
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन से राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से कुल्लू जिले के बंजार स्थित तांदी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के प्रभावित परिवारों के लिए राहत सामग्री से भरे वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।इसके अतिरिक्त,उन्होंने पांच अन्य राहत सामग्री से भरे वाहनों को रवाना किया।तांदी गांव की घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा,‘‘अग्निकांड से वहां की विरासत ही चली गई है,जिसे पूरा नहीं किया जा सकता है।जो लोग वहां हमारी संस्कृति को देखने जाते थे,अब वे नहीं देख पाएंगे।उन्होंने कहा कि तांदी गांव में जिला स्तर पर राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस ने अपने स्तर पर कंबल,तिरपाल,किचन सैट,फैमिली टेंट इत्यादि सामग्री भेजने का कार्य किया है और जरूरत पड़ी तो भविष्य में और सहायता प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इसी तरह,प्रदेश के अन्य जिलों जिनमें किन्नौर,शिमला,बिलासपुर,हमीरपुर और ऊना जिलों के लिए भी सर्दी के मौसम के दृष्टिगत पात्र व्यक्तियों के लिए राहत सामग्री से भरे वाहन भेजे जा रहे हैं।राज्यपाल के सचिव सी.पी.वर्मा और राज्य रेडक्रॉस के अन्य पदाधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
