
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह बिगड़ने का आरोप लगाया।उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पास होम मिनिस्ट्री है,बावजूद इसके कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है।इसका उदाहरण चम्बा व सिरमौर जिले में सामने आई दो घटनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जिला चम्बा में पुलिस थाने के बिल्कुल समीप इंटैलीजैंस ब्यूरो के ऑफिसर का शव मिला है,जो आई ओपनर है।दूसरी घटना भी पुलिस से ही जुड़ी हुई है,जो सिरमौर जिले के कालाअम्ब में हुई है।यहां पुलिस का एक जवान बेबस होकर अपने ऊपर भारी दबाव की बात कहता है।यही नहीं,दबाव में आकर नौकरी से त्यागपत्र दे देता है और उसके बाद वह लापता हो जाता है।वह लापता हैड कांस्टेबल जसबीर सैनी के मामले का जिक्र कर रहे थे,जिसका वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जवान सीधे-सीधे राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप लगा रहा है और कहता है कि मेरा जीवन सुरक्षित नहीं है।राजीव बिंदल ने कहा कि चिंता की बात यह है कि सिरमौर से पुलिस जवान लापता है और उसके जीवन को भी खतरा है।बावजूद इसके इस मामले में सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।यही नहीं,अन्य मामलों में भी यह सरकार संरक्षण देती हुई नजर आ रही है,क्योंकि ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं की जा रही है।यही वजह है कि हिमाचल की जनता ने लोकसभा चुनाव में सरकार को पूरी तरह से रिजैक्ट किया है।सरकार केवल और केवल मित्रों के लिए चिंता कर रही है।इस मौके पर सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग,मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर सहित मनीष अग्रवाल व मनीष चौहान आदि मौजूद रहे।
