
Shimla में एक शिक्षक द्वारा गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने का मामला सामने आया है।इस शिक्षक ने 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा को न केवल अपने मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया बल्कि छात्रा के साथ अश्लील हरकतें भी कीं।इस बात का खुलासा पीड़िता ने अपनी मां से किया।पीड़िता की माता की शिकायत पर ढली पुलिस थाना में छेड़छाड़ और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार ढली थाना क्षेत्र के तहत आने वाले एक राजकीय उच्च विद्यालय के एक ड्राइंग मास्टर ने इस घटना को अंजाम दिया है।इस शिक्षक ने छात्रा को अकेले में अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ छेड़छाड़ की।पीड़िता की माता ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी सरकारी स्कूल में पढ़ती है।दो मई को स्कूल से आने के बाद बेटी ने बताया कि जब स्कूल का ड्राइंग मास्टर शाम को 4 बजे के बाद अतिरिक्त कक्षा ले रहा था तो वह उसे अकेले में ले गया। आरोपी ने अपना फोन निकाला और उसे अश्लील वीडियो दिखाया तथा गलत इरादे से उसको भी छुआ।पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354ए और पोक्सो एक्ट की धारा 10 व 12 के तहत आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
