
भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक राजेन्द्र राणा और इन्द्र दत्त लखनपाल ने समीरपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से आशीर्वाद लिया।इस अवसर पर राजेन्द्र राणा और इन्द्र दत्त लखनपाल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को रिकाॅर्ड बढ़त से जिताएंगे और उपचुनावों में भी भाजपा जीतेगी।उन्होंने कहा कि धूमल के आशीर्वाद से जिले में भाजपा एकजुटता से संगठन को मजबूत करेगी।इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक समंदर है और इसमें जो आएगा उसका स्वागत है।उन्होंने कहा कि सब मिलकर कमल खिलाएंगे और भाजपा में सब संस्कारी लोग हैं व जो संस्कारी नहीं होगा उसको संस्कारी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में परिवार बढ़ता हुआ ही अच्छा लगता है और परिवार जितना बड़ा होगा उसकी शक्ति भी उतनी ज्यादा होगी।धूमल ने कहा कि मेरे लिए सुजानपुर भी दूर नहीं है और बड़सर भी साथ है।जहां भी कमल का निशान होगा उसके लिए काम करूंगा।उन्होंने कहा कि पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी उसको निभाया जाएगा,उन्होंने कहा कि कांग्रेस को छोड़कर दोनों विधायक बड़े निराश होकर आए हैं,लेकिन नई आस के साथ विश्व की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा में शामिल हुए हैं।उन्होंने कहा कि अब ये दोनों पूर्व विधायक अपने क्षेत्र और पार्टी को मजबूत करेंगे।
