
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी में बनने जा रहा चिड़ियाघर केंद्र सरकार की देन है और इसे केंद्र के सहयोग से ही बनाया जा रहा है।अनुराग ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल के लिए बल्क ड्रग पार्क मंजूर करवाया था और जिसके लिए केंद्र ने 2 हजार करोड़ रुपए की राशि भी जारी कर दी थी,लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इस प्रोजैक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया।प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए अनुराग ने कहा कि जिनसे अपना कुनबा ही नहीं संभाला जा रहा है वह प्रदेश क्या संभालेंगे।उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी दी हुई गारंटियों में ही फेल हो गई है।सरकार के अपने विधायक छोड़कर चले गए क्योंकि जनता उनसे गारंटियों को लेकर सवाल पूछ रही थी।प्रदेश सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा नहीं कर पा रही और कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि देहरा में 500 करोड़ रुपए की लागत से बन रही सैंट्रल यूनिवर्सिटी में मेडिकल कॉलेज भी बनेगा।उन्होंने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए यहां उस हिसाब से भूमि ली गई है।हिमाचल से हरिद्वार के लिए ट्रेन शुरू करवा दी गई है।वंदे भारत ट्रेन भी चल रही है।हरिद्वार के साथ अब उज्जैन महाकाल लोक और वृंदावन मथुरा के लिए भी जल्द शुरू करवा देंगे।उन्होंने कहा कि हरिपुर में सैंकड़ों वर्ष पुराने मंदिर हैं जिनके जीर्णोद्धार के लिए एक करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।ऊना जिला के दौलतपुर चौक में वॉशिंग शैड बनाने जा रहे हैं।इसका काम अगले एक साल में पूरा होगा।अगले एक साल में नंगल तक जितनी भी ट्रेनें आती हैं वो पंजाब तक नहीं रुकेंगी बल्कि उन्हें अंब अंदौरा और दौलतपुर तक चलाया जाएगा।
