भारतीय रिज़र्व बैंक,शिमला के तत्वावधान में ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में राज्य स्तर की ‘‘वित्तीय साक्षरता पर अखिल भारतीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’’का आयोजन किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए।उन्होंने विजेताओं और अन्य शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमों को ट्रॉफी और स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
इस अवसर पर,राज्यपाल ने कहा कि वित्तीय साक्षरता एक प्रमुख जीवन कौशल है और यह कमाई,बचत,व्यय,निवेश और ऋण की अवधारणाओं को समझने के लिए एक आधार तैयार करता है,जो समग्र वित्तीय कल्याण के लिए वित्त के बारे में ठोस निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है।उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता सुरक्षित बैंकिंग प्रणाली के द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने का काम करती है।उन्होंने कहा कि छोटी उम्र से ही बच्चों में पैसे की बचत संबंधी आदतें पैदा करने से वे आर्थिक रूप से जिम्मेदार वयस्क के रूप में विकसित होंगे।एक वित्तीय रूप से साक्षर व्यक्ति जरूरतों और इच्छाओं के मध्य अंतर करने में सक्षम होता है।उन्होंने कहा कि वह अपनी प्राथमिकताओं को पहचानता है एवं मुश्किल दिनों के लिए बचत करने तथा विचारशील वित्तीय निर्णय लेने के महत्व को समझता है।उन्होंने क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दौर के लिए विजेता टीम को शुभकामनाएं दीं।उन्होंने आर्थिक रूप से समावेशी समाज के निर्माण में योगदान देने का दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया तथा हिमाचल प्रदेश में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

राज्यपाल प्रश्नोत्तरी के दौरान हिमाचल प्रदेश के छात्रों द्वारा प्रदर्शित असाधारण ज्ञान से प्रसन्न हुए।उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए बधाई दी और कहा कि छात्र जनता तक वित्तीय समावेशन के संदेश के प्रचार-प्रसार के लिए एक राजदूत के रूप में कार्य करेंगे।राज्यपाल ने सभी वर्ग को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली के दायरे में लाने के लिए अभिनव उपाय करने के लिए भारतीय रिज़र्व बैंक की सराहना की।उन्होंने कहा कि यह नागरिकों को आत्मनिर्भर और वित्तीय रूप से मजबूत और दृढ़निश्चयी बनाएगा।राज्यपाल ने इस अवसर पर वित्तीय जागरूकता पर आधारित ‘सतर्क परिवार’ पुस्तिका का विमोचन भी किया।भारतीय रिज़र्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक श्री आर.एस. अमर ने राज्यपाल का स्वागत किया।भारतीय रिज़र्व बैंक के बैकिंग लोकपाल शिव कुमार यादव, उप महाप्रबंधक पिताम्बर अग्रवाल,नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक अजय सूद,राज्य के वरिष्ठ बैंक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *