कांग्रेस के वोट चोरी अभियान के बदले भाजपा ने लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा शुरू करने का फैसला किया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस पार्टी देश में नकारात्मक माहौल बनाने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने की रही है।इसी विषय पर भाजपा राज्य के चारों संसदीय क्षेत्रों में लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत विशाल पदयात्राओं का आयोजन करेगी।डा.बिंदल ने कहा कि कांग्रेस के एसआईआर विरोध से अनेक गंभीर सवाल खड़े होते हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राजनीतिक रवैये से देश में बांग्लादेश जैसे अस्थिर हालात पैदा होने की आशंका बढ़ती है।बिंदल ने बताया कि पहली नवंबर को शिमला संसदीय क्षेत्र की पदयात्रा शिमला में आयोजित की जाएगी,जिसमें असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।बिंदल ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस अवैध घुसपैठियों के नाम मतदाता सूचियों में शामिल करवाना चाहती है?यदि ऐसा नहीं है तो कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि मतदाता सूचियों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया को लेकर उसकी वास्तविक आपत्तियां क्या हैं?उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम उसमें शामिल न रहे।उन्होंने कांग्रेस से इस विषय पर तथ्यात्मक और स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *