
शिमला:पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टुटू में बुधवार को शिमला-1 जोन की अंडर-19 छात्र खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।प्रतियोगिता में जोन के 17 विद्यालयों के लगभग 386 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।उद्घाटन समारोह में निदेशक,स्कूल शिक्षा,हिमाचल प्रदेश आशीष कुमार कोहली ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिमला-1 जोन समन्वयक डॉ.रशिमा राणा ने मुख्य अतिथि और विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्यों,अध्यापकों,खेल अधिकारियों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत किया।मुख्य अतिथि आशीष कुमार कोहली ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन करते हुए विद्यार्थियों को खेल भावना,अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ भाग लेने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें नेतृत्व,आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं।

चार दिवसीय प्रतियोगिता में वॉलीबॉल,कबड्डी,खो-खो और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं।इसके अतिरिक्त लोकनृत्य एवं भाषण जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।यह प्रतियोगिता 12 सितम्बर तक चलेगी।प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने कहा कि विद्यालय द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं अधिकारियों के ठहरने,भोजन, स्वास्थ्य,स्वच्छता तथा सुरक्षा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं।उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों,विद्यालयों,कर्मचारियों,एसएमसी सदस्यों तथा सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

