विकास में नंबर वन बनेगा शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र:विक्रमादित्य सिंह।

शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों के लिए अभिनंदन समारोह का आयोजन जिला परिषद भवन चलौंठी में किया गया।इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री और शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।इस अवसर पर सभी पंचायत प्रतिनिधियों,बीडीसी चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और सदस्य,जिला परिषद सदस्यों को सम्मानित किया गया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सभी जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करना तथा क्षेत्र के विकास कार्यों पर चर्चा करना है।वर्ष 2017 से 2022 तक आप सभी के सहयोग से क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं।इससे पहले वर्ष 2012 से 2017 के बीच भी क्षेत्र में लगभग 1,500 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए।वर्तमान में भी क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं प्रस्तावित हैं,जिनका प्रस्तुतीकरण आप सभी के समक्ष रखा गया है।अभी तक साढ़े तीन वर्षों में 800 करोड़ से अधिक रुपए के कार्य चले हुए है।हमारा लक्ष्य है कि आने वाले समय में विकास की गति को और तेज किया जाए और सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य,पेयजल सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि मेरा स्पष्ट मानना है कि हमें राजनीति से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहिए।चुनाव आते-जाते रहते हैं और जनता का जनादेश हमें हमेशा स्वीकार करना चाहिए।हमारा उद्देश्य स्पष्ट है कि हमने जिस क्षेत्र को प्रदेश के अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में लाने का प्रयास किया है,उसे आगे भी विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।इसके लिए हमें जमीनी स्तर पर काम करना होगा।विकास कार्यों में कई बार वन स्वीकृति,एफसीए,जमीन उपलब्धता और अन्य विभागीय औपचारिकताएं बाधा बनती हैं।

ऐसे मामलों को संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्राथमिकता के आधार पर हल करना होगा।साथ ही,अलग-अलग योजनाओं और विभागों से पंचायतों तथा विकास कार्यों के लिए जो धनराशि उपलब्ध करवाई गई है,उसका सही उपयोग सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।यदि पैसा समय पर खर्च नहीं होगा तो वह वापस भी जा सकता है।इसलिए सभी पंचायत प्रतिनिधि अपने-अपने ब्लॉक कार्यालय में जाकर यह जानकारी प्राप्त करें कि किस योजना के तहत कितना पैसा उपलब्ध है और उसका उपयोग किस कार्य में किया जा सकता है।मुझे पूरा विश्वास है कि जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों और आप सभी के सहयोग से हम मिलकर क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।उन्होंने कहा कि एचआरटीसी का सुन्नी में सब डिपो शीघ्र स्थापित होगा।इस दिशा में सारी औपचारिकताएं पूरी करने में कार्य किया जा रहा है।इस डिपो के खुलने से ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बसों की सुविधा मिल पाएगी।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से टारिंग का कार्य नहीं हो पाया था।ऐसे में प्रदेश भर में टारिंग कार्य के लिए 850 करोड़ स्वीकृत किये गए हैं।ऐसे में बरसात समाप्त होने पर अब सड़कों में टारिंग और पैच वर्क शुरू हो जाएगा।कार्यक्रम में एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा,एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा,खंड विकास अधिकारी बृजेश भारद्वाज,बीडीसी चेयरमैन टूटू जीत सिंह ठाकुर,वाइस चेयरमैन बीडीसी टूटू विक्रम सिंह ठाकुर, बीडीसी बसंतपुर चेयरमैन कौशल्या शर्मा,वाइस चेयरमैन बीडीसी बसंतपुर भूप राम,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी टूटू ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित पंचायती राज के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
