विचार प्रहरी’सहकार सारथी’और प्रचार प्रमुखों को सौंपी जिम्मेदारियां,भाजपा को केंद्र की नीतियों पर घेरने की बनी रणनीति।

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी)शिमला ग्रामीण के नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक मंगलवार को राजीव भवन शिमला में आयोजित हुई।बैठक की अध्यक्षता डीसीसी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने की।27 अगस्त 2026 को जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी के गठन के बाद हुई इस पहली बैठक में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक में संगठन को बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करने,कांग्रेस की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने और सरकार,नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में ट्रेनिंग विंग का नाम बदलकर‘विचार प्रहरी’रखने का निर्णय लिया गया।यह विंग कांग्रेस की विचारधारा और पार्टी की नीतियों को कार्यकर्ताओं तथा आम जनता तक पहुंचाने का काम करेगा।वहीं,सहकारी क्षेत्र से जुड़े कार्यों के लिए ‘सहकार सारथी’ नाम से विशेष विंग गठित किया गया है।यह विंग जिले में स्वयं सहायता समूहों,मिल्क फेडरेशन,सोसायटियों और गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ)तक पहुंच बनाने का काम करेगा।इसके अलावा प्रचार प्रमुख को प्रदेश सरकार की उपलब्धियों,नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।जिला स्तर के प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्टों को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं।उन्हें मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखने और केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों व कथित कुशासन को मुद्दों के आधार पर उठाने की रणनीति पर काम करने को कहा गया।

बैठक में संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।पदाधिकारियों ने कहा कि जमीनी कार्यकर्ताओं तक पहुंच बनाकर उनकी समस्याओं और सुझावों को नेतृत्व तक पहुंचाना जरूरी है।इसके साथ ही सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल कायम कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका देने पर भी चर्चा हुई।डीसीसी अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को मजबूत करना और सरकार,नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के बीच की दूरी को कम करना है।बैठक में आगामी समय में संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से शुरू करने और विधानसभा चुनाव 2027 के लिए ‘मिशन रिपीट’के लक्ष्य के साथ काम करने का संकल्प लिया गया।बैठक में पवन ठाकुर,प्रताप चौहान,पवन हिमता,महेंद्र कुमार,राजीव वर्मा,मोहिंदर वर्मा,विजय महेत,रामेश्वर,ललित शर्मा,पवन शर्मा,अनूप ठाकुर,नागरू राम,सुरेंद्र वर्मा,रीना कुमारी,गीता शर्मा,टी.आर.शर्मा,रोशन ठाकुर,दिनेश मेहता और रवि मेहता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।सभी ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने विचार और सुझाव रखे।

