
हिमाचल विधानसभा में मीडिया से मुखातिब होते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि भाजपा विधायकों ने सोमवार को अटैची के साथ प्रदर्शन किया।हिमाचल की तीन साल की सरकार में न तो किसी मंत्री पर आरोप लगे,न सरकार पर,उन्होंने कहा कि जब नौ विधायक बिके थे,उस समय यह अटैची की बात आई थी।अभी मुझे लगा कि वे खाली अटैची लेकर क्यों आए?पैसे तो खत्म हो गए,तो खाली अटैची लेकर आ गए।अटैचियों की परंपरा भाजपा ने शुरू की है।हम ईमानदारी से प्रदेश की सेवा कर रहे हैं और जिन्होंने अटैची भरे हैं,वे जानते होंगे कि कैसे अटैची प्रदेश की संपदा को लूट कर भरा जाता है।अब महंगाई बढऩे से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा अटैची लेकर आ रही है।अटैची में प्याज और चीनी भरकर लाते,तो अच्छा था।उन्होंने कहा कि आईएसबीटी में क्या घपला हुआ है,वह भी हमको पता है।वहां कैसे लैंड यूज चेंज किया गया है।नौ विधायक खऱीदे हैं,वह भी प्रूफ सरकार के पास है।अभी कई चीजें जनता के बीच आएंगी और फिर जनता फैसला करेगी।भ्रष्टाचार में अभी कई और लोगों के नाम सामने आएंगे और फैक्ट्स के साथ आएंगे।विजिलेंस में भाजपा के 10-10 विधायक ऐसे जा रहे हैं,जैसे बहुत बड़ी आज़ादी की लड़ाई लडक़र आए हों।कागज़ मांगे थे,वे देने में घबराहट होती है।अभी इनके पास कोई ड्रामा नहीं बचा है।पहले ये राष्ट्रगान का अपमान कर चुके हैं।अभी यह बहाना ढूंढकर उससे बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे हैं।राष्ट्रगान पर अंगुली उठाना ही राष्ट्रगान का अपमान है।एक साल पहले ईडी ने नादौन में छापा मारा था,जब विधानसभा के चुनाव थे।एक साल तक एक व्यक्ति को,जो कि मेरा समर्थक था,उसको अरेस्ट किया गया था।मेरे भाई की जमीन की भी छानबीन की गई थी।तब तो इनको कुछ नहीं मिला।सीएम सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि आज भी ईडी इनके पास है।सीबीआई इनके पास है।हमारा दामन तो पाक-साफ है।अटैचियों की जरूरत उनको पड़ती है,जो कस्टमाइज पैकेज लाते हैं,जो हिमकेयर का घोटाला करते हैं,जो पीपीई किट का घोटाला करते हैं,जो शराब के ठेकों की चार साल तक नीलामी नहीं होने देते।हमारी सरकार के पास जितने भी अटैची हैं,उसे जनता में बांटेंगे।हम तो देने वालों में से हैं,जो अपनी संपदा और अपनी संपत्ति को भी देते हैं।उन्होंने कहा कि कुर्सी पर बैठकर प्रदेश की संपदा को किसी भी सूरत में लूटने नहीं दिया जाएगा।
