राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने लोकभवन में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की।इस अवसर पर,जनगणना कार्य निदेशालय,हिमाचल प्रदेश की निदेशक दीप शिखा शर्मा और निदेशालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।इस दौरान निदेशक दीप शिखा शर्मा ने राज्यपाल को जनसंख्या गणना से संबंधित सभी 40 प्रश्नों के विषय में तथा इसके व्यापक सामाजिक-आर्थिक महत्व के विषय में विस्तार से अवगत कराया।राज्यपाल ने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश जारी करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना 2027 का दूसरा चरण(जनसंख्या गणना) आगामी 01 सितंबर से 30 सितंबर,2026 तक संचालित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि यह कार्य प्रदेश के विकास की नीतियों और जन-कल्याणकारी योजनाओं के सटीक निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया कि जन-सुविधा को ध्यान में रखते हुए बर्फबारी वाले क्षेत्रों के निवासियों के लिए 17 अगस्त से 31 अगस्त,2026 तक डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे 31 अगस्त तक आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए अपने तथा अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी स्वयं दर्ज करें।उन्होंने यह भी आह्वान किया कि 01 सितंबर से 30 सितंबर,2026 के मध्य जब प्रगणक घर-घर पहुंचें,तो सभी नागरिक उनका आत्मीय स्वागत करें और प्रगणकों को सही जानकारी देकर एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में जनगणना 2027 के इस राष्ट्रीय महा-अभियान को सफल बनाने में अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *