Oplus_131072

पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय टुटू, “शिमला” में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति,उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया।कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा के मार्गदर्शन में विद्यालय प्रबंधन समिति,समस्त स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से किया गया।समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक अमृत लाल पुरी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।विद्यार्थियों ने देशभक्ति,राष्ट्रीय एकता,स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।समारोह का प्रमुख आकर्षण चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए आयोजित विशेष संवाद रहा।

शिक्षा विभाग से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में विद्यालय द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,जिला मंडी,अभिमन्यु वर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया।श्री अभिमन्यु वर्मा ने चिट्टे तथा अन्य नशीले पदार्थों के शारीरिक,मानसिक,सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने,गलत संगति से बचने,अनुशासित जीवन अपनाने और किसी भी प्रकार के दबाव अथवा समस्या की स्थिति में अपने अभिभावकों,शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों से समय रहते सहायता लेने का आह्वान किया।उन्होंने विद्यार्थियों से जुड़े सुरक्षा,अनुशासन,सही निर्णय लेने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया।इस अवसर पर सृजन भार्गव ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा किए।उन्होंने नशे की गंभीर चुनौती से उबरकर अपने जीवन को नई दिशा दी और आज वे एक सफल उद्यमी के रूप में समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।उनके संघर्ष, सुधार और सफलता की प्रेरक यात्रा ने विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया।उन्होंने संदेश दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति,परिवार एवं समाज के सहयोग तथा सकारात्मक सोच के माध्यम से व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थिति से बाहर निकलकर सम्मानजनक एवं सफल जीवन जी सकता है।

प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा,सृजन भार्गव तथा मुख्य अतिथि अमृत लाल पुरी का विद्यार्थियों को प्रेरित करने और कार्यक्रम को सार्थक बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने तथा अनुशासित,जिम्मेदार,संवेदनशील एवं नशा-मुक्त नागरिक बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय एकता, अखंडता,सामाजिक उत्तरदायित्व तथा नशा-मुक्त हिमाचल के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *