
आगामी शिमला ग्रीष्मोत्सव के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित उत्तर क्षेत्र भाषण (डिक्लेमेशन) प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुटू के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लालपानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कड़े मुकाबले के बीच विद्यालय की छात्रा प्रिशा जोशी ने हिंदी वर्ग में तथा छात्र अंशुमान गर्ग ने अंग्रेजी वर्ग में अपने प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल,आत्मविश्वास एवं विषय की गहन समझ का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ.रशिमा राणा ने इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत,अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास का परिणाम है।उन्होंने विद्यालय की सांस्कृतिक समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने और उनकी प्रतिभा को निखारने में समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शक सागर शुक्ला के समर्पित प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की,जिनके सतत प्रयासों से विद्यार्थियों ने यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता आगामी ग्रीष्मोत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाली जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विद्यालय को पूर्ण विश्वास है कि प्रिशा जोशी एवं अंशुमान गर्ग जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपने उत्कृष्ट वक्तृत्व कौशल का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।दोनों विद्यार्थी अब आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों में जुट गए हैं तथा विद्यालय परिवार उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की आशा करता है।
