
राजधानी शिमला में दिल्ली से आ रही एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।मारपीट की वारदात में स्कॉर्पियो सवार महिला सहित चार लोगों ने बस चालक को पीट-पीट कर बुरी तरह से लहूलुहान कर दिया।मारपीट की वारदात में बस चालक को सिर और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं।घायल बस चालक को मेडिकल और उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।मारपीट की घटना रविवार सुबह कालका-शिमला नेशनल हाइवे पर बालूगंज थाना के तहत कच्चीघाटी क्षेत्र में हुई,जहां ओवरटेक करने को लेकर स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने बस को रुकवाकर चालक के साथ मारपीट की। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की वोल्वो बस दिल्ली से शिमला आ रही थी।इसी दौरान कच्चीघाटी के पास बस चालक ने एक हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक किया।बस चालक का आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों ने बस को बीच रास्ते में रुकवा लिया और चालक के साथ मारपीट की।घटना की सूचना मिलते ही बालूगंज पुलिस थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो लोगों को मौके से ही पकड़ लिया।इसके बाद महिला और एक आरोपी फरार हो गए थे,लेकिन कुछ ही देर में ठियोग पुलिस की टीम द्वारा डिटेन करके थाना बालूगंज को सौंपा जिनको पुलिस थाना बालूगंज की टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने मारपीट के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार निवासी गांव अभयपुर पंचकुला,हरियाणा,विकास कुमार निवासी गांव अभयपुर पंचकुला,हरियाणा,प्रतिभा पत्नि विक्की कुमार गांव अभयपुर पंचकुला,हरियाणा और विक्की कुमार निवास गांव अभयपुर पंचकुला,हरियाणा के रूप में हुई है,पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

HRTC चालक-परिचालक यूनियन ने जताया एतराज:एचआरटीसी के चालक के साथ अचानक हुई इस घटना पर कड़ा रुख लेते हुए एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन और परिचालक संघ ने कड़ा एतराज जताया।इस घटना की जानकारी मिलने के बाद एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन ने सभी आरोपियों को पकडऩे लिए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई और विरोध के चलते 12 बजे करीब 20 से 25 मिनट के लिए ओल्ड बस स्टैंड सहित अन्य कई स्थानों पर बसों का संचालन बंद कर दिया।इस दौरान एचआरटीसी चालक संघ ने सभी आरोपियों को पकडऩे तक बसों का संचालन बंद करने का ऐलान किया।हालांकि एचआरटीसी कर्मियों के आवाहन के बाद शिमला पुलिस भी हरकत में आई और 12 बजे के बाद सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। एचआरटीसी की जिस वोल्वो चालक के साथ यह मारपीट की गई है यह बस रोहडू दिल्ली रूट पर चलती है।एचआरटीसी ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने इस संबंध में यूनियन की और से आह्वान कर बसों के संचालन को तब तक के लिए रोक दिया जब तक आरोपी पकड़ में नहीं आ जाते।ऐसे में पुलिस भी तुरंत हरकत में आई और और आरोपियों को पकड़ लिया।मानसिंह ठाकुर ने कहा कि चालक परिचालकों के साथ मारपीट के कई मामले सामने आ चुके हैं और इसको लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन को कड़ा रुख अपनाना चाहिए।उन्होंने कहा कि ड्राइवर-कंडक्टर मार खाने के लिए काम नहीं कर रहे हैं। कच्ची घाटी में चलती बस से ड्राइवर को जबरदस्ती बस से खींचा गया और उसके साथ मारपीट की गई,कंडक्टर ने इस दौरान बस को रोक लिया नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
