नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव इस वर्ष महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल बनने जा रहा है।चुनाव प्रक्रिया को पूर्णतः महिला कर्मचारियों के नेतृत्व में संपन्न करवाने की दिशा में महिला पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुईं।इस अवसर पर सभी महिला कर्मचारी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं,जिसने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक गरिमा एवं उत्साह से भर दिया।रिटर्निंग अधिकारी (एमसी) एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू,धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि नगर परिषद् रोहड़ू के सभी मतदान केंद्रों का संचालन इस बार पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा,जो प्रदेश एवं देश स्तर पर एक अनूठी एवं प्रेरणादायक पहल है।उन्होंने कहा कि महिलाएं आज प्रत्येक क्षेत्र में अपनी दक्षता,अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और चुनाव जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सफल संचालन भी पूरी जिम्मेदारी के साथ करने में सक्षम हैं।महिला कर्मचारियों को यह जिम्मेदारी सौंपना उनके आत्मविश्वास,कार्यकुशलता एवं प्रशासनिक क्षमता का सम्मान है।

पारंपरिक वेशभूषा में दिखी पोलिंग पार्टियां:नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव के लिए रवाना हुई सभी महिला कर्मचारी पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में नजर आईं।महिलाओं ने ढाठू एवं सदरी धारण कर प्रदेश तथा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया।इस दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर अधिकारियों ने भी पारंपरिक परिधान पहनकर चुनावी प्रक्रिया को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया।महिला कर्मचारियों का यह स्वरूप सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

9 वार्डों के लिए गठित की गईं 14 पोलिंग पार्टियां:नगर परिषद् रोहड़ू के अंतर्गत कुल 9 वार्ड हैं तथा सभी वार्डों के मतदान केंद्रों पर महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए कुल 14 पोलिंग पार्टियों का गठन किया गया है,जिनमें 9 पोलिंग पार्टियां विभिन्न वार्डों में तैनात रहेंगी,जबकि 4 पोलिंग पार्टियों को रिजर्व रखा गया है।प्रत्येक पोलिंग पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी (PRO)एक सहायक पीठासीन अधिकारी(APRO)दो मतदान अधिकारी तथा एक सुरक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।इसके अतिरिक्त एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं तीन सेक्टर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी महिला अधिकारियों को सौंपी गई है।नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव के लिए लगभग 80 महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है।

मतगणना की जिम्मेदारी भी निभाएंगी महिला कर्मचारी:नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव में इस बार महिलाएं केवल मतदान प्रक्रिया तक ही सीमित नहीं रहेंगी,बल्कि मतगणना जैसी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील जिम्मेदारियां भी पूरी दक्षता एवं पारदर्शिता के साथ निभाएंगी।महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी चुनाव प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित,अनुशासित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।रिटर्निंग अधिकारी(एमसी)रोहड़ू,धर्मेश रामौत्रा ने बताया कि नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव की मतगणना भी पूर्णतः महिला कर्मचारियों द्वारा संपन्न करवाई जाएगी।

चांशल सम्मेलन कक्ष में होंगी मतगणना:रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव की मतगणना उपमंडलाधिकारी कार्यालय के चांशल सम्मेलन कक्ष में होंगी।मतगणना कार्य को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए कुल 6 टीमों का गठन किया गया है।प्रत्येक टीम में एक काउंटिंग सुपरवाइजर,एक काउंटिंग असिस्टेंट एवं एक माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।इनमें से तीन टीमें प्रत्यक्ष रूप से मतगणना कार्य में तैनात रहेंगी,जबकि तीन टीमों को रिजर्व रखा गया है,ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत तैनात किया जा सके।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिला कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, सूझबूझ एवं जिम्मेदारी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में अहम योगदान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *