
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस ईवीएम के दम पर हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी,आज उसी ईवीएम को बाकी राज्यों में हार का कारण बताया जा रहा है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनीं,वहां ईवीएम सहीं,लेकिन जहां कांग्रेस हारी,वहां ईवीएम को दोष देना सही नहीं हैं।पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चुनाव प्रचार के लिए गए थे,वहां कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 650 वोट मिले हैं और उसकी जमानत भी जब्त हो गई है।इससे अब यह साबित हो गया है कि मुख्यमंत्री सुक्खू जहां-जहां भी प्रचार के लिए जाते हैं,वहां कांग्रेस की हार ही होती है।मुख्यमंत्री सुक्खू अब भाजपा के लिए स्टार प्रचारक साबित हो रहे हैं।मंडी में चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन करने के बाद जयराम ने कहा कि अब जनता भी यह जान चुकी है कि सीएम सुक्खू सिर्फ झूठ बोलते हैं।पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ने पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में वर्तमान कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि आखिर सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि सीबीआई की जांच रिपोर्ट आने के बाद भी दोषी पुलिस अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है,बल्कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उन्हें रिवॉर्ड देते जा रहे हैं और कुछ को प्रोमोशन तक दे दी गई है।
