Oplus_131072

राज्य स्तरीय रोहड़ू मेला 2026 का शुभारंभ रामलीला ग्राउंड,रोहड़ू में  स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा द्वारा विधिवत रूप से किया गया।इस अवसर पर उन्होंने ध्वजारोहण कर मेले के आयोजन की औपचारिक घोषणा की।अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि मेले हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं,जो हमें अपनी जड़ों से जोड़ते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं और संस्कृति से परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं।उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व में यह मेला तीन दिनों तक आयोजित किया जाता था,किन्तु इस वर्ष देवता शिकड़ू महाराज की आज्ञा से इसे पांच दिनों तक विस्तारित किया गया है।उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है,जो क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नागरिक अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ कर रहा है।साथ ही, सड़कों के उन्नयन कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है,जिससे बागवानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा हो रही है।इसी क्रम में रोहड़ू से चिड़गांव सड़क के उन्नयन कार्य पर लगभग 20 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ‘यूनिवर्सल कार्टन’ योजना शुरू की गई है ताकि बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।इसके अतिरिक्त,विपरीत वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना (ओल्ड पेंशन स्कीम)लागू की है,जो एक महत्वपूर्ण निर्णय है।उन्होंने कहा कि सरकार के ये जनहितैषी निर्णय प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।विधायक ने क्षेत्र के युवाओं से नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया,ताकि वे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़कर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।इस वर्ष राज्य स्तरीय रोहड़ू मेला 2026 को पौधारोपण अभियान से भी जोड़ा गया है।इस पहल के अंतर्गत क्षेत्र की विभिन्न मंदिर समितियां सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।विधायक ने इस अवसर पर मंदिर समितियों के प्रतिनिधियों को देवदार के पौधे भेंट किए।उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक लगभग 15 हजार पौधों की मांग प्राप्त हो चुकी है।

मेला समिति के अध्यक्ष धर्मेश रामौत्रा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा पांच दिवसीय मेले की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।कार्यक्रम के दौरान एस.डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू एवं सरस्वती विद्या मंदिर समोली के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं,जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।इस अवसर पर कांग्रेस मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर,मेला समिति एवं मंदिर समिति के सदस्यगण,अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *