
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकाघाट में जो घटना हुई है,उसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।घर से कुछ दूरी पर ही कॉलेज जा रही एक बिटिया की निर्मम हत्या प्रदेश में कानून व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त हो जाने का उदाहरण है।इस घटना ने न केवल पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है,बल्कि हर उस परिवार को डरा दिया है,जिनकी बेटियां घर से बाहर निकलती हैं।इस घटना में शामिल लोगों के ऐसी सज़ा मिलनी चाहिए जो भविष्य में उदाहरण बने,ताकि फिर कोई ऐसा दुस्साहस न कर सके। उन्होंने परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए बिटिया की आत्मा की शांति और परिजनों को इस दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।जयराम ठाकुर ने अपने सारे कार्यक्रम निरस्त करके बिटिया के परिजनों से मिलने नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंचे।परिजनों से मिलकर उन्होंने उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भविष्य में ऐसा किसी भी बेटी के साथ न हो।जयराम ठाकुर ने भावुक होते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और हमेशा उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।जयराम ने कहा कि आज नशा प्रदेश के कोने-कोने में फैल रहा है।नशे के खिलाफ लड़ाई को और अधिक गंभीरता तथा सख्ती से लडऩे की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि इसके लिए कानून में जो भी बदलाव करने हों,उसके लिए भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ है।
