
विधानसभा स्थित कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं में एक तगड़ी होड़ चल रही है,जिसके कारण कांग्रेस के मंत्री और विधायक मर्यादाएं तोडक़र बड़े-बड़े बयान दे रहे हैं।आपस में खुद को बड़ा दिखाने की इस होड़ में मुख्यमंत्री और अन्य नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।आपस की यही तकरार और कुंठा मंडी के तीन साल के जश्न के मंच पर भी दिखी थी,जहां अंधेरे में निपटाने की बातें हो रही थीं।आज भी एक विधायक द्वारा सदन में अधिकारियों की मनमानी की चर्चा की गई।अधिकारियों ने सरकार की नस पकड़ ली है और सत्ता पक्ष के भी ज्यादातर विधायक अधिकारियों से बुरी तरह त्रस्त हैं।इसका कारण सिर्फ सत्ता का संरक्षण है।उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने भी इसी तरह से झूठ बोलकर सदन की मर्यादा तार-तार की है।भाजपा हिमाचल के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।उसे कांग्रेस से किसी प्रकार का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।जिस भी मंच पर हिमाचल के लिए आवाज उठानी पड़ती है,हम हमेशा उठाते रहते हैं,आगे भी उठाते रहेंगे।कांग्रेस में खुद को बड़ा दिखाने के लिए संविधान की किताब लेकर चलने का चलन चल रहा है।कांग्रेस के सर्वे सर्वा भी इसी तरह संविधान की किताब लेकर चल रहे हैं,लेकिन हमेशा संविधान की धज्जियां उड़ाते रहते हैं।इस तरीके से हिमाचल प्रदेश के नेता भी संविधान की किताब लेकर आए हैं,लेकिन उन्होंने अंदर खोलकर कुछ पढ़ा नहीं है।

