
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पंजाब में पंजाब केसरी समूह के जालंधर,बठिंडा और लुधियाना कार्यालयों पर जीएसटी (GST) विभाग की छापेमारी की कड़ी निंदा की है।उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी सरकार की बौखलाहट और सत्ता का खुला दुरुपयोग करार दिया है।जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कार्रवाई सच को कुचलने की एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश है।उन्होंने अखबार के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जिस संस्थान ने आतंकवाद के दौर में भी अपनी कलम नहीं झुकाई,उसे डराने की यह कोशिश दर्शाती है कि पंजाब सरकार सच से घबरा गई है।नेता प्रतिपक्ष ने इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताते हुए कहा कि यह सरकार का नहीं बल्कि सत्ता का अहंकार बोल रहा है।
