
ऊना में प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क से जुड़े कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के निर्देशों के तहत ऊना जिले के हरोली में बल्क ड्रग पार्क से जुड़े विकास कार्यों की प्रगति पर बैठक में चर्चा हुई।बैठक की अध्यक्षता आयुक्त उद्योग-कम-सीईओ,हिमाचल प्रदेश बल्क ड्रग पार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड डॉ.यूनुस ने की।साथ तिलक राज शर्मा अतिरिक्त निदेशक उद्योग-कम-अतिरिक्त सीईओ भी उपस्थित रहे।इस दौरान भूजल आधारित जल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था,संपर्क मार्ग निर्माण तथा वन विभाग द्वारा पेड़ों की गणना एवं कटान से संबंधित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।बैठक के दौरान 200 करोड़ से अधिक कार्यों की समीक्षा की गई।वन विभाग के अधिकारी सुशील राणा ने जानकारी दी कि गांव मनुवाल के चार खसरा नंबरों में पेड़ों की गणना का कार्य पूरा हो चुका है और संबंधित क्षेत्रों के लिए कटान की अनुमति भी प्राप्त कर ली गई है। एचपीएसआईडीसी द्वारा पेड़ों के कटान के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।इस दौरान बताया गया कि उच्चस्तरीय समिति के निर्णय के अनुसार पांजुवाना स्थित प्रशासनिक ब्लॉक से गांव कुथर बीट में बल्क ड्रग पार्क स्थल तक संपर्क सडक़ का निर्माण हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान ने बताया कि बल्क ड्रग पार्क के लिए प्रस्तावित 15 एमएलडी जल आपूर्ति योजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।शेष कार्य मार्च के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। एचपीएसईबीएल के कार्यकारी अभियंता राहुल पुरी ने बताया कि गुरपालाह सब-स्टेशन का उन्नयन कार्य पूर्ण कर लिया गया है।ट्रांसमिशन इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े शेष कार्य प्रगति पर हैं और अप्रैल तक 10 एमवीए बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।बैठक के बाद अधिकारियों ने राइजिंग मेन और चार्जिंग स्ट्रक्चर्स का निरीक्षण किया तथा जलशक्ति विभाग द्वारा किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।
