
शिमला के चलौंठी में फोरलेन निर्माण के कारण घरों में आई दरारों से हुए नुकसान को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने एसडीएम शिमला ग्रामीण की अध्यक्षता ने कमेटी का गठन कर दिया है।इसके साथ ही स्टेट जियोलॉजिस्ट ने भी शनिवार को नुकसान के कारणों को लेकर रिपोर्ट तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया है।उपायुक्त ने कहा कि देर रात को सूचना मिलने के बाद ही प्रशासन ने प्रभावित घरों को खाली करवा दिया है।इसके साथ ही हरसंभव सहायता जिला प्रशासन की ओर से प्रभावितों को मुहैया करवाई जा रही है। फिलहाल फोरलेन निर्माण कार्य पूर्ण रूप से रोक दिया गया है।

शुक्रवार देर रात चलौंठी में छह मंजिला मकान में दरारें पडऩे के बाद इसे खाली करवा दिया गया है।देर रात करीब 10 बजे मकान में रहने वाले 15 परिवारों को कड़ाके की ठंड के बीच अचानक मकान खाली करना पड़ गया है।इस मकान की दीवारों पर दरारें पड़ गई है।मकान में रह रहे किराएदारों के अनुसार तीन दिन पहले अचानक मकान की दीवार पर हल्की दरारे पडऩी शुरू हुई।इस मकान के ठीक नीचे फोरलेन की टनल का निर्माण हो रहा है।आसपास के मकानों और सडक़ पर भी दरारें दिख रही हैं।

उपायुक्त शिमला ने कहा कि प्रभावित हुए घरों के नुकसान का आकलन करने के लिए कमेटी गठित की गई है।इस कमेटी की अध्यक्षता एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा करेंगे।इनके अलावा तहसीलदार संजीव गुप्ता,एसडीओ पीडब्ल्यूडी महावीर कश्यप,एसडीओ डीआरडीए प्रदीप मेहता इसमें शामिल है। यह कमेटी एक हफ्ते के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी।

इस रिपोर्ट के अनुसार ही प्रभावितों को मुआवजा देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।स्टेट जियोलॉजिस्ट ने भी अपनी रिपोर्ट पर कार्य करना शुरू कर दिया है।एक हफ्ते में अपनी रिपोर्ट देंगे।

