मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा को चुनौती दी है कि यदि ऊना जिले के पेखुबेला सोलर पावर प्रोजैक्ट में कोई भ्रष्टाचार हुआ है,तो वह इसकी शिकायत ईडी और सीबीआई के पास करें।मुख्यमंत्री ने विधानसभा में नियम 63 के तहत भाजपा के बिक्रम ठाकुर की ओर से लाई गई चर्चा के जवाब में कहा कि यह प्रोजैक्ट अत्यधिक बारिश के कारण पानी भर जाने के चलते बंद किया गया है।यह प्रोजैक्ट 15 सितम्बर से फिर कार्य करना शुरू करेगा।मुख्यमंत्री ने विपक्ष के आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा कि जिस कंपनी को यह प्रोजैक्ट बनाने और रखरखाव का ठेका दिया गया था,उसका 50 करोड़ रुपए का भुगतान सरकार ने रोक दिया है,क्योंकि कंपनी काम छोड़कर चली गई है।उन्होंने कहा कि जब तक यह मामला सुलझ नहीं जाता,तब तक इस प्रोजैक्ट की देखरेख एचपीसीएल करेगी।उन्होंने कहा कि सीबीआई भी पेखुबेला प्रोजैक्ट को चीफ इंजीनियर विमल नेगी मौत मामले से जोड़कर जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास इस प्रोजैक्ट में भ्रष्टाचार से संबंधित कोई दस्तावेज हैं तो वह उन्हें सीबीआई को भी दे सकते हैं।इस दौरान उनकी भाजपा विधायक के साथ हल्की नोंक-झोंक भी हुई।

इससे पहले भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने यह मामला उठाते हुए कहा कि जबसे पेखुबेला सोलर प्रोजैक्ट शुरू हुई है,तब से आज दिन तक इसमें कभी भी पूरी क्षमता से उत्पादन नहीं किया।उन्होंने कहा कि 20 अगस्त को हुई भारी बारिश के कारण यह प्लांट पूरी तरह से पानी में डूब गया,लेकिन आज दिन तक सरकार ने इस प्रोजैक्ट को लेकर उठे सवालों का जवाब नहीं दिया।उन्होंने दावा किया कि इस प्रोजैक्ट में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *