नशा छोड़ चुके युवाओं और अभिभावकों ने सांझा किए अपने अनुभव।

हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति द्वारा YWCA शिमला तथा हिमाचल फोरम अगेंस्ट ड्रग एब्यूज के सहयोग से “युवा बचाओ अभियान” के अंतर्गत नशे से प्रभावित एवं पीड़ित परिवारों के साथ संवाद आयोजित किया गया जिसकी अध्यक्षता पर्यटन विभाग से अतिरिक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत हिमाचल प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र शर्मा ने की।इस कार्यक्रम का उद्देश्य नशे से प्रभावित युवाओं और उनके परिवारों की पीड़ा,अनुभवों और समाज के सामने इन परिवारों की चुनौतियों को सांझा करना था।वहीं भुक्तभोगी परिवारों के ठोस अनुभवों के साथ भविष्य में नशामुक्ति के लिए नीतिगत हस्तक्षेप और रोकथाम के लिए कार्ययोजना पर चर्चा करना था।कार्यक्रम में अपने अनुभव सांझा करते हुए जहां प्रभावित एवं पीड़ित परिवारों ने अपनी व्यथा और पीड़ा को सांझा किया,वहीं नशा रोकने के लिए सरकार और व्यवस्था की खामियों पर भी खेद जताया।पीड़ितों का मानना था कि निजी नशामुक्ति केंद्र शुद्ध व्यवसाय हो चुके हैं जहां राहत कम और पहले से कष्ट झेल रहे परिवारों से ज्यादा से ज्यादा पैसा ऐंठने का काम अधिक हो रहा है।उन्होंने सरकारी क्षेत्र में नशामुक्ति संस्थानों को खोलने की गुहार लगाई।साथ ही चिट्टे से ज्यादा खतरनाक दवाईयों की गैर कानूनी बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद भी बिकने पर सवाल उठाये।समिति के सचिव सत्यवान पुंडीर ने कहा कि नशे से प्रभावित नौजवानों के बारे में समाज का जो वर्तमान नजरिया है उस माहौल में इन प्रभावित परिवारों का आगे आना सराहनीय और अन्य पीड़ितों के लिए एक प्रेरणा है।सत्यवान पुंडीर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे और भी संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि नशे की समस्या से जूझ रहे परिवारों को सहायता मिल सके और उन्हें बेझिझक अपनी बात रखने के लिए कोई मंच मिल सके।कार्यक्रम में शिमला,सोलन,कुल्लू,बिलासपुर के 18 पीड़ित परिवारों ने हिस्सा लिया।हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की ओर से सचिव के अलावा उपाध्यक्ष जीयानन्द शर्मा,सह सचिव सीता राम ठाकुर,समता की राष्ट्रीय संयोजिका सुमित्रा चंदेल,उर्मिल ठाकुर,विनय पुंडीर,हीरानंद शांडिल्य,डॉ रवि भूषण,रॉबिन सिन्हा,सूर्यांश पुंडीर,आयुषी, अंकित दूबे शामिल रहे।सूर्यांश पुंडीर ने बताया कि जल्दी ही नशे को लेकर समिति द्वारा तैयार की गई “The WHITE Truth” वेब सीरीज रिलीज की जाएगी।जिसका ट्रेलर 12 अगस्त को जारी किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य बिंदु:नशे की आदत से बाहर निकले युवाओं तथा पीड़ित परिवारों की पीड़ा और अनुभवों को सुनना,इलाज तथा पुनर्वास के लिए सरकार के स्तर पर प्रभावी प्रयास करने की मांग,नशे के लिए नाजुक मोड़ पर खडे युवकों को जागरूक करना,सप्लाई चेन को तोड़ने तथा बड़े सप्लायरों पर शिकंजा कसना।

इस अवसर पर आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गयी तथा युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज में सामूहिक प्रयासों की योजना बनाने का आह्वान किया गया।संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रविंद्र शर्मा ने हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के मंच से इस अभियान को व्यापक रूप देने हेतु समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील भी की।

