हिमाचल के पुनर्निर्माण के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध, 2006.40 करोड़ रुपए की योजना को मंज़ूरी : राकेश जम्वाल
मंडी। हिमाचल भाजपा ने प्रदेश में वर्ष 2023 के दौरान आई प्राकृतिक आपदा से हुए भारी नुकसान के मद्देनजर केंद्र सरकार ने हिमाचल के लिए 2006.40 करोड़ रुपये की ‘पुनर्प्राप्ति और पुनर्निर्माण योजना’ को मंजूरी के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया है। यह सहायता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय समिति द्वारा राष्ट्रीय आपदा मोचन कोष (एनडीआरएफ) के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। यह निर्णय केंद्र की मोदी सरकार की प्रदेशवासियों के प्रति प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता का स्पष्ट प्रमाण है।
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने कहा कि यह राहत राशि केवल एक आपदा-प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि हिमाचल को भविष्य की आपदाओं के लिए अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। इस योजना के तहत आपदा प्रभावित क्षेत्रों का पुनर्निर्माण, आधारभूत ढांचे की बहाली तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण के उपायों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
जम्वाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 में एसडीआरएफ के तहत 28 राज्यों को 20,264.40 करोड़ रुपए और एनडीआरएफ के तहत 19 राज्यों को 6,160.76 करोड़ रुपए जारी किए हैं, जो प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन की प्रतिबद्ध नीति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कभी अकेली नहीं है। केंद्र की मोदी सरकार हर संकट में प्रदेश के साथ मजबूती से खड़ी है। यह राहत योजना केवल पुनर्निर्माण का कार्य नहीं, बल्कि एक विश्वास की पुनर्स्थापना है कि केंद्र सरकार हिमाचल के साथ सदैव दृढ़ता से खड़ी है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि हिमाचल भाजपा इस उदार पैकेज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि संकट के समय बार-बार केंद्र सरकार का हिमाचल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहना दर्शाता है कि भाजपा की सोच में सेवा और सहयोग सर्वोपरि है।
