कहा प्रदेश में नशा उन्मूलन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध।

इंदौरा:कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो.चंद्र कुमार ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के भदरोआ में ‘अनंत ज्ञान समाचार पत्र’ द्वारा आयोजित “अनंत पुलिस प्राईड अवार्ड 2025” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।इस अवसर पर इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन एवं पूर्व विधायक अजय महाजन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान प्रो.चंद्र कुमार ने प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को नशा माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए पूर्ण स्वतंत्रता दी गई है और सरकार हर स्तर पर पुलिस का समर्थन कर रही है।कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में लड़ी जा रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट और सख्त निर्देश हैं कि नशे के धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।प्रदेश सरकार ने नशे के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है और इसी के तहत नशा तस्करों तथा उनके सहयोगियों की अवैध संपत्तियों को जब्त करने की भी प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के लिए प्रदेश सरकार विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान चला रही है और भविष्य में इसमें और तेजी लाई जाएगी।कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘अनंत पुलिस प्राईड अवार्ड’ से सम्मानित किया।उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नशा विरोधी मुहिम में इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करते रहने का आह्वान किया।कृषि मंत्री ने इस भव्य आयोजन के लिए ‘अनंत ज्ञान समाचार पत्र’ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और पुलिस कर्मियों के मनोबल में भी वृद्धि होती है।उन्होंने कहा कि ‘अनंत ज्ञान समाचार पत्र’ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देकर सराहनीय कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा किए जा रहे कठोर और प्रभावी कदमों से क्षेत्र में अपराधों में कमी आई है।पुलिस कर्मियों की सतर्कता और प्रतिबद्धता सराहनीय है।उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में नशे के खिलाफ हर स्तर पर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि यहां के युवा सही मार्ग पर आगे बढ़ सकें।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है कि नशे के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और इस दिशा में पुलिस की सक्रियता अनुकरणीय है।कार्यक्रम में अनंत ज्ञान के सीईओ विशाल धीमान,निदेशक प्रतिभा धीमान,एडिटर समरजीत,एएसपी रजिंदर जसवाल,डीएसपी संजीव यादव,एसएचओ इंदौरा आशीष पठानिया,एसएचओ डमटाल कल्याण सिंह, एसएचओ नूरपुर सुरिंद्र धीमान,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया,प्रवक्ता संसार सिंह संसारी,कांग्रेस नेता जर्म सिंह ठाकुर,कुलदीप शर्मा,डॉ विशुल,नीरज कुमार तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *