
नादौन के गौना,सेरा और माझियार सहित साथ लगते क्षेत्रों में बुधवार देर शाम उस समय लोग दहशत में आ गए जब उन्होंने अचानक आसमान में चार ड्रोन उड़ते हुए देखे।पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद यह घटना अति गंभीर है।चिंता का विषय तो यह है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पैतृक निवास के बेहद करीब अति संवेदनशील स्थल पर भी काफी देर तक एक ड्रोन उड़ता हुआ देखा गया,इस कारण लोग इतना डर गए कि उन्होंने घरों की लाइट्स तुरंत बंद कर दीं।मुख्यमंत्री की गृह पंचायत अमलेहड़ की प्रधान सोनिया ठाकुर ने बताया कि पहले यह ड्रोन सेरा गांव के ऊपर उड़ते हुए देखे गए,जिनमें से एक गौना की ओर,एक माझयार की ओर और एक कोहला गांव की ओर बहुत तेज गति से जाता हुआ देखा गया।इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को तुरंत मौका पर भेजा गया है तथा मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।
