
शिमला में भाजपा के आक्रोश प्रदर्शन का आयोजन उपायुक्त कार्यालय के बाहर किया गया।भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि दो साल में सरकार की गारंटियां तक फेल हो चुकी हैं।आक्रोश प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,पार्टी अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल,प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा,सह प्रभारी संजय टंडन,सांसद सुरेश कश्यप,प्रदेश महामंत्री सिद्धार्थन,महामंत्री बिहारी लाल शर्मा,युवा मोर्चा अध्यक्ष तिलक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में कोई अच्छा काम किया होता तो जश्न मनाना चाहिए,उसमें सबको समझ में आता,लेकिन कांग्रेस के दो वर्ष के शासन में प्रदेश में बड़ी तबाही एवं बर्बादी हुई,हिमाचल प्रदेश नीलामी पर आकर खड़ा हो गया।करोड़ों रुपए जश्न पर खर्च कर रहे हैं।पूरे प्रदेश पर बोझ डाल दिया गया है और ऐसी सूरत में भाजपा ने तय किया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अपनी पूरी बात लोग के सामने रखेंगे,प्रदेश में दो वर्ष में कांग्रेस ने खोया ही खोया है।गारंटी की बात करें तो वह वादे कहीं भी पूरे नहीं हो पाए और यह लोग झूठ बोल कर के इस प्रकार से एक माहौल खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं,जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी तो राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका वाड्रा उन्होंने पूरे देश भर में शोर मचाने का काम किया।झूठी गारंटियों को लेकर उन्होंने सभी प्रदेशों में बड़ा प्रचार प्रसार किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार पैसा भेज रही है और सरकार उसको खर्च रही है।आरोप लगाया कि सरकार का खर्चा मुख्यमंत्री की मशहूरी पर हो रहा है।
