
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए दो वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि इन दो वर्षों में प्रदेश की जनता के नाम पर कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां 1500 संस्थानों को बंद कर देना,स्कूलों,कॉलेजों,प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,वेटरिनेरी अस्पतालों,पटवार सर्कलों और कई अन्य कार्यालयों को बंद करने का कीर्तिमान प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने रचा है,डा.राजीव बिंदल ने कहा कि 22 महीने में 26000 करोड़ का कर्ज लेने का रिकॉर्ड भी वर्तमान कांग्रेस सरकार ने हासिल किया है।जगह-जगह घूमकर मुख्यमंत्री व उनके साथी घोषणा कर रहे हैं कि उन्होंने पांच गारंटियां पूरी कर दी हैं।उन्होंने कहा कि वे पांच गारंटियां हैं,स्टांप डयूटी को 500 प्रतिशत तक बढ़ाकर हिमाचल प्रदेश की जनता पर टैक्स का बोझ डालना,डीजल पर सात रुपए लीटर वैट लगाकर प्रदेश की जनता की जेब ढीली करना,एचआरटीसी बसों के किरायों में वृद्धि करके प्रदेश के आवागमन के एकमात्र साधन को महंगा करना है।इसके अलावा सरकार ने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देने की गारंटी को जमींदोज करते हुए बिजली के रेट में 46 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए हर व्यक्ति का बिजली का बिल बढ़ाया,ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल जो मुफ्त मिल रहा था,उस पर भी अब बिल आएगा और शहरी क्षेत्रों में पानी के रेटों में 500 प्रतिशत तक की वृद्धि करके टैक्स का बोझ डाल दिया।इस प्रकार प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पांच गारंटियां पूरी कर दीं।
