
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि अनेक संस्थान व व्यक्ति विशेष समाज में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर राष्ट्र व राज्य को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं,जो अन्यों के लिए प्रेरणा है।वे अपने कार्यों से उत्कृष्टता का उदहारण प्रस्तुत कर रहे हैं।राज्यपाल एक दैनिक समाचार पत्र समूह द्वारा आयोजित कॉफी टेबल बुकलेट (हिमाचल प्रदेश के हाई फ्लायर्स 2024) के विमोचन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन असाधारण व्यक्तियों की सफलता को प्रदर्शित करता है जिन्होंने अपने जीवन को इस पहाड़ी राज्य की प्रगति के लिए समर्पित किया है।उन्होंने हिमाचल के इन हाई फ्लायर्स को बधाई दी,जिनके बारे में कॉफी टेबल बुक में प्रकाशन किया गया है।

उन्होने कहा कि विभिन्न पृष्ठभूमि से आने वाले ये फ्लायर्स,जिनमें शिक्षाविद,व्यवसायी,उद्यमी,सामाजिक कार्यकर्ता,युवा इत्यादि शामिल किए गए हैं,हिमाचल की भावना का उद्हारण प्रस्तुत करते हैं।राज्यपाल ने कहा कि‘‘हिमाचल प्रदेश के हाई फ्लायर्स 2024’’ उस मानवीय क्षमता का प्रमाण है जो हमारे राज्य को आगे बढ़ाता है।यह भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।उन्होंने कहा कि ये समाज के लिए रोल मॉडल भी हैं। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया का दौर है लेकिन प्रिंट का स्थायी भाव है और यहीं अंतर पाठकों को समाचार पत्र से जोड़े रखता है।उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि समाज में उत्कृष्ट योगदान दे रहे व्यक्तियों व संस्थानों को एक मंच पर लाकर उन्होंने ‘संयुक्त परिवार’ बनाने का कार्य किया है।यह कार्य जहां राष्ट्र व राज्य को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा वहीं प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी।उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में हिमाचल प्रदेश के इन हाई फ्लायर्स ने अपने स्टार्ट-अप के माध्यम से नौकरी देने का कार्य भी किया है। इस तरह के कार्यक्रम अवसर,प्रोत्साहन और उनके उत्साह को भी बढ़ाने का कार्य करता है।राज्यपाल ने इस अवसर पर कॉफी टेबल बुकलेट (हिमाचल प्रदेश के हाई फ्लायर्स 2024) का विमोचन किया तथा हिमाचल प्रदेश के 35 हाई फ्लायर्स को पुरस्कृत भी किया।इससे पूर्व,अमर उजाला के राज्य ब्यूरो प्रमुख सुरेश शांडिलय ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा कॉफी टेबल बुकलेट व कार्यक्रम की जानकारी दी।अमर उजाला के समाचार संपादक रमन सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।अमर उजाला शिमला के यूनिट हैड धीरज रोमन तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
