
सुक्खू सरकार द्वारा महिलाओं के लिए घोषित इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना से मिलने वाली 1500 रुपए सम्मान राशि को लोकसभा चुनाव के दौरान बदस्तूर जारी रखने की मांग को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी)हिमाचल प्रदेश राज्य कमेटी का प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।इस प्रतिनिधिमंडल में पार्टी राज्य सचिव मंडल सदस्य संजय चौहान,डाॅ.कुलदीप सिंह तंवर,राज्य कमेटी सदस्य विजेंद्र मेहरा,जगत राम,फालमा चौहान, जगमोहन ठाकुर,पार्टी नेता बालक राम,सोनिया,कपिल शर्मा,नवीन कुमार,अंकित दुबे व सुनील वशिष्ठ शामिल रहे। इसके बाद शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी नेता संजय चौहान,डाॅ.कुलदीप सिंह तंवर,विजेंद्र मेहरा, जगत राम और फालमा चौहान ने मांग की है कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में महिलाओं को 1500 रुपए देने की योजना को चुनाव के दौरान बदस्तूर जारी रखा जाए क्योंकि यह निधि योजना कुछ महीने पहले ही लाहौल-स्पीति जिला में लागू हो चुकी थी व इस योजना के तहत महिलाओं को सम्मान राशि चुनाव की घोषणा के पहले से ही मिल रही है। पूरे प्रदेश में भी इस योजना को लागू करने की अधिसूचना लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले जारी हो चुकी है व प्रदेश में हजारों महिलाएं इस योजना के फार्म भर चुकी हैं। यह किसी भी तरह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं है क्योंकि इस योजना की अधिसूचना चुनाव की घोषणा के बाद नहीं हुई है।उन्होंने चुनाव के दौरान इस योजना के कार्यान्वयन पर रोक लगाने की भाजपा की मांग को हास्यास्पद,तुच्छ व महिला विरोधी करार दिया है।
