
CM ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला ऊना के हरोली उपमण्डल के गौंदपुर जयचंद पहुंच कर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया।प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री का गत रात्रि को देहावसान हो गया।मुख्यमंत्री ने उप-मुख्यमंत्री के पैतृक गांव गौंदपुर जयचंद में पार्थिव शरीर की अंतिम यात्रा तथा संस्कार में भाग लिया।उप-मुख्यमंत्री की पुत्री आस्था अग्निहोत्री ने अपनी दिवंगत माता को मुखाग्नि दी।मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है।

उन्होंने कहा कि सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन से परिवार में भारी शोक है तथा उनकी कमी हमेशा रहेगी।उन्होंने कहा, ‘‘मैं,प्रो.सिम्मी अग्निहोत्री से विश्वविद्यालय काल से परिचित था,वह सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पित एक उच्च शिक्षित महिला थीं।मुकेश अग्निहोत्री तथा उनकी पुत्री को इस दुःख से उबरने के लिए एक-दूसरे का साथ देना होगा।भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।इस दुःखद घड़ी में हम शोकाकुल परिवार के लिए प्रार्थना करते हैं।

इस अवसर पर विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया,कृषि मंत्री चन्द्र कुमार,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ.(कर्नल) धनी राम शांडिल,उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान,ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह,लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह,नगर एवं ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी,आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा,विधायकगण,मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा,मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान,राजनेता तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
