Congress प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश की आपदा राहत के लिए 633 करोड़ की राशि जारी करने को ऊंट के मुंह में जीरा मात्र बताया है।उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल प्रदेश के साथ आपदा राहत पर भेदभाव कर रही है,जो कभी सहन नहीं होगा।प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य आपदा राहत फंड के तहत प्रत्येक राज्य को मिलने वाली पहली किस्त के तहत 180.40 करोड़ के बाद अतिरिक्त 200 करोड़ प्रदेश सरकार को जारी किए जबकि कोई भी विशेष आर्थिक मदद नहीं मिली है,जैसा कि भाजपा के नेता केंद्रीय सहायता को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा आपदा राहत के नाम पर कोरा झूठ बोल रही है।प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश व भूस्खलन से 12 हजार करोड़ से अधिक का नुक्सान आंका गया है।उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार ने इससे पूर्व प्रदेश को जो भी राशि जारी की है,वह प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए हर साल सभी प्रदेशों को केंद्र से मिलने वाली केंद्रीय हिस्सेदारी है।प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा के नेता आपदा राहत को लेकर लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं।भाजपा नेताओं का प्रदेश के हितों के प्रति नकारात्मक रवैया बहुत ही खेदजनक है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सीमित संसाधनों से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *