Himachal Pradesh के मंडी जिले में जोगिंद्रनगर क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मंडी-पठानकोट हाईवे पर रेन शेल्टर में संदिग्ध अवस्था में महिला का शव बरामद हुआ है।पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब सात बजे जोगिंद्रनगर शहर से करीब एक किलोमीटर दूर अपरोच रोड के नजदीक रेन शेल्टर में शव होने की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी।रेन शेल्टर में खून के धब्बे भी पुलिस को मिले हैं।वहीं,फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।शव पर कई गहरे घाव थे और शरीर के कुछ हिस्सों से कपड़े भी गायब थे।डीएसपी पधर संजीव सूद की मौजूदगी में पुलिस की टीमों ने साक्ष्य जुटाए।जिले की दो फोरेंसिक टीमों ने भी महिला की मौत के कारणों को लेकर फोरेंसिक जांच पूरी की।करीब आठ घंटे की गहन जांच के बाद शव परिजनों की मौजूदगी में नेरचौक स्थित मेडिकल काॅलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक महिला की पहचान सत्या देवी निवासी लांगणा जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है जो कई माह से शानन पावर हाउस के समीप एक किराये के कमरे में रह रही थी।प्रारंभिक जांच में हत्या की यह वारदात रविवार देर रात की बताई जा रही है।वहीं,मंडी-पठानकोट हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को थाने में पूछताछ के लिए तलब किया है।उधर,पुलिस अधीक्षक मंडी सौम्या सांबशिवन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।बताया कि पुलिस की कई टीमों के साथ फोरेंसिक जांच भी जारी है।जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *