भाजपा नेता हिमाचल प्रदेश में अस्थिरता का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।पूर्व सीएम एवं विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर,पार्टी के हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना तथा त्रिलोक कपूर महाराष्ट्र के राजनीतिक घटनाक्रम का हवाला देकर राज्य का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन हिमाचल में कांग्रेस की मजबूत सरकार है तथा वह अपना 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी।लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि अन्य राज्यों का हिमाचल पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है तथा वह अन्य राज्यों का देख कर नहीं चलता बल्कि दूसरों को रास्ता दिखाता है।विक्रमादित्य ने विपक्ष के अस्थिरता फैलाने वाले बयानों को निंदा की तथा विपक्ष को सरकार का सकारात्मक सहयोग करने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6 माह पहले ही 40 विधायकों के साथ कांग्रेस जीतकर आई है तथा विपक्ष को जल्दबाजी है। उन्हें धैर्य रखना चाहिए। इस दौरान सीएम व सभी मंत्री फील्ड में जाकर काम कर रहे हैं। ग्रीन बजट व ड्रोन सम्मेलन जैसे कई अहम कार्य किए हैं लेकिन भाजपा नेताओं को पिछले 3 चुनावों में मिली करारी हार नहीं दिख रही है तथा लोगों का ध्यान बांटने के लिए महाराष्ट्र घटनाक्रम का जिक्र कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष को तथ्यों के साथ सरकार का विरोध करने की सलाह दी तथा कहा कि तथ्यहीन बयानबाजी करना उन्हें शोभा नहीं देता। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *