Himachal प्रदेश में मंगलवार देर रात करीब 10:17 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।भूकंप के झटके प्रदेश के अधिकतर जिलों में महसूस किए गए हैं।राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में इस दौरान लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।दो से तीन बार भूकंप के झटके महसूस किए गए।हालांकि भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में जमीन के अंदर 156 किलोमीटर की गहराई पर था।भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.6 रही।भूकंप के झटके पूरे उत्तर भारत में महसूस किए गए।शिमला के टूटू निवासी भुवन वर्मा ने बताया कि वे अपने बिस्तर पर बैठ कर पढ़ाई कर रहे थे इस दौरान अचानक बेड जोर-जोर से हिलने लगा।उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को भी सचेत कर दिया। वन्हीं शिमला शहर और साथ लगते उपनगरों में भूकंप के झटके महसूस होते ही कुछ लोग घरों से बाहर निकल गए।
